Delhi Flood: दिल्ली समेत उत्तर-भारत के अधिकांश राज्यों में मानसून ने आफत की बारिश कर दी है। दिल्ली वालों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। क्योंकि बारिश का थमा हुआ सिलसिला फिर शुरू होने वाला है। हरियाणा के पानी से यमुना का जलस्तर इतना बढ़ गया कि 45 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। दिल्ली-एनसीआर में 15-16 जुलाई को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
Delhi Flood: यमुना के जलस्तर ने तोड़ा 45 साल का रिकॉर्ड
इंफोपोस्ट डेस्क
Delhi Flood: यमुना के बढ़ते जलस्तर ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार दोपहर दो बजे नदी का जलस्तर 207.55 मीटर तक जा पहुंचा। इससे पहले 1978 में नदी का जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था। मयूर विहार पुस्ते पर पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने जाकर बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जाना। डीएम को यहां पर तत्काल नाव की व्यवस्था करने के लिए कहा। यहां लोग बता रहे हैं कि अभी भी हजारों लोग अंदर फंसे हुए हैं। यमुना का बढ़ता जलस्तर दिल्ली वालों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। नदी का पानी नोएडा-दिल्ली लिंक रोड तक पहुंच गया है।
1978 में दिल्ली में यमुना की बाढ़ ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इसमें करीब 43 वर्ग किलोमीटर कृषि भूमि जलमग्न होकर बर्बाद हो गई थी। लाखों लोग बेघर हो गए थे। उस समय यमुना के लोहे के पुल पर जलस्तर 207.49 मीटर पहुंच गया था, तब यमुना के किनारों पर पुस्ते नहीं बनाए गए थे। इसके बाद दो बार और यमुना का जलस्तर 207 मीटर के निशान के पार गया है। 2010 (207.11 मीटर) और 2013 (207.32 मीटर) में दिल्ली को बाढ़ का सामना करना पड़ा था। कश्मीरी गेट तक यमुना का पानी पहुंच गया था।
टूटने वाला है 1978 के जलस्तर का रिकॉर्ड
यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। दोपहर 12 बजे नदी का जलस्तर 207.48 जा पहुंचा है। 1978 का 207.49 मीटर जलस्तर का रिकॉर्ड बस टूटने ही वाला है। यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है। दिल्ली सचिवालय में इमरजेंसी बैठक होंगी। बैठक में में सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मयूर विहार सब डिवीजन के तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि रात में पानी बढ़ने पर ऊंची व सूखी जगहों पर पानी भरने लगा तो सांप व बिच्छू निकलने लगे। लोगों को उनके घरों के पास जाकर समझाने की कोशिश की गई कि अब तराई इलाके में रहना उनके लिए सुरक्षित नहीं है। बाढ़ का खतरा होने के साथ-साथ सांप-बिच्छू भी लोगों की जान के लिए खतरा बन सकते हैं। यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह 10 बजे तक नदी का जलस्तर 207.37 मीटर हो गया।
केजरीवाल ने अमित शाह को लिखा पत्र
दिल्ली की बाढ़ को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से खत लिखकर एक साथ काम करने की अपील की है। उन्होंने अमित शाह से दिल्ली की संकटग्रस्त स्थिति में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। लोगों से भी अनुरोध किया है कि वे निचले इलाकों में अपने घर खाली कर दें।
कई दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद सोमवार शाम को दिल्ली में यमुना खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गईं। बुधवार शाम 4 बजे तक नदी 207.71 मीटर के उच्चतम स्तर पर बह रही थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में केजरीवाल ने अनुरोध किया है कि यदि संभव हो तो हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज से पानी सीमित गति में छोड़ा जाए।
My letter to Union Home Minister on Yamuna flood levels… pic.twitter.com/dqDMLWuIfe
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 12, 2023