Election knock: भारत एक चुनाव प्रधान देश है। कहीं न कहीं चुनाव होते ही रहते हैं। मध्य प्रदेश में 12 मार्च के बाद नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव होने हैं। पहली बार प्रावधान किया गया है कि नामांकन-पत्र में गलत जानकारी देने पर 6 महीने की सजा और 25 हजार रुपये का जुर्माना लग सकेगा।
Election knock: मध्य प्रदेश में नगर निकाय और पंचायत चुनावों की दस्तक
भोपाल, मध्य प्रदेश। Election knock: माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के बाद अप्रैल में कभी भी चुनाव आयोग नगर निकाय चुनावों और पंचायत चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
संभावना जताई जा रही है कि अब 12 मार्च के बाद किसी भी दिन मध्य प्रदेश में आचार संहिता लागू हो सकती है। इसको लेकर आयोग तैयारियों में जुटा है। राजनैतिक पार्टियां बीजेपी-कांग्रेस भी इस चुनाव के लिए दमखम लगा रही हैं।
कानून व्यवस्था के संबंध में चर्चा
दरअसल, राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव के लिए कानून व्यवस्था के संबंध में पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी और अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा से चर्चा की। श्री सिंह ने कहा कि मतदान के दौरान अतिसंवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों में पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव तीन और नगर निकाय चुनाव दो फेज में कराए जाएंगे। अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों में वीडियो कैमरे भी लगेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचरण संहिता लागू हो जाएगी।
सामान्य प्रेक्षक के साथ व्यय प्रेक्षक भी
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि पहली बार प्रावधान किया जा रहा है कि नामांकन-पत्र में गलत जानकारी देने पर 6 महीने की सजा और 25 हजार रुपये का जुर्माना लग सकेगा। नगर निकाय चुनाव में सामान्य प्रेक्षक के साथ ही व्यय प्रेक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे।
उन्होंने विधिक प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। पुलिस बल के इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट के संबंध में भी चर्चा हुई। मध्य प्रदेश के 407 नगर निगम और नगर परिषदों का कार्यकाल साल भर पहले ही खत्म हो चुका है।
मध्य प्रदेश मतदाता सूची
Election knock: नगर निकाय चुनाव में कुल मतदाता एक करोड़ 69 लाख 16 हजार 83 हैं। इनमें पुरुष मतदाता 86 लाख 81 हजार 912, महिला मतदाता 82 लाख 32 हजार 897, थर्ड जेंडर 1274 हैं।
पंचायत चुनाव में कुल मतदाता 3 करोड़ 92 लाख 81 हजार 301 हैं। इनमें से पुरुष मतदाता 2 करोड़ 2 लाख 45 हजार 823, महिला मतदाता एक करोड़ 90 लाख 34 हजार 424 और थर्ड जेंडर मतदाता 1054 हैं।