
इंफोपोस्ट न्यूज, नोएडा। सीटू कार्यकर्ताओं ने भंगेल स्थित सीटू कार्यालय पर गांधी जयंती मनाई। इस अवसर पर सीटू जिला अध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि आज पूरा देश महात्मा गांधी के जन्म-दिन की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। लेकिन हमारे देश की पूंजीवादी सरकार गांधी के विचारों की हत्या कर रही है।
गांधी जी हिंदू मुस्लिम एकता के सबसे बड़े हिमायती थे। देश को आजादी दिलाने में गांधी जी का बड़ा योगदान रहा है। समता, समानता, सत्य, अहिंसा, भाईचारा आदि उनके नारे थे। उन्होंने देश की जनता को आजादी के लिए जगाया, लड़ना सिखाया, एकजुट करना सिखाया, जुल्म अन्याय शोषण के सामने खड़ा होना सिखाया और देश की जनता को अहिंसा, सविनय अवज्ञा, सत्याग्रह, असहयोग, हड़ताल, बहिष्कार, भूख हड़ताल जैसे मंत्र दिए।
गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि आज भी गांधी के विचार प्रासंगिक हैं और दुनिया उनको मानती है। केंद्र व प्रदेश की सरकार को जनता की समस्याओं से कुछ लेना देना नहीं है। पूंजीपतियों की इस सरकार ने गांधीवाद को नकार ही दिया है। उसे रौंदा व कुचला जा रहा है। आज हक, अधिकार, न्याय के लिए आवाज उठाने वालों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
कार्यक्रम में जय जवान जय किसान का नारा देने वाले लाल बहादुर शास्त्री को उनके जन्मदिन की वर्षगांठ पर नमन करते हुए याद किया गया। कार्यक्रम में हाथरस में 19 वर्षीय लड़की के साथ हुई दरिंदगी एवं सरकार और प्रशासन के गैर जिम्मेदाराना रवैये की कड़ी निंदा करते हुए 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
इसी तरह की घटना में बलरामपुर में मारी गई लड़की को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में सीटू नेता रामसागर, लता सिंह, गंगेश्वर दत्त शर्मा, इशरत जहां, अजीत चौधरी, राजकरण, बलराम चौधरी, विनोद कुमार, मदन प्रसाद, राम कुमार भाटी, हुकम सिंह, रामस्वारथ आदि ने हिस्सा लिया और अपने विचार रखे।