Haryana Election: विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने झज्जर में वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा से भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।
Haryana Election: वोटिंग के लिए बीस हजार से अधिक मतदान केंद्र
इंफोपोस्ट डेस्क
Haryana Election: हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। सुबह से ही लोगों की लंबी लाइनें लग गईं। शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। वोटिंग के लिए बीस हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
आम लोगों के अलावा प्रदेश के दिग्गजों ने भी लोकतंत्र के इस यज्ञ में अपनी आहुति डाली। कार्यवाहक सीएम नायब सैनी, पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चाैटाला और कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा समेत सभी बड़े नेताओं ने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया।
खट्टर ने करनाल में वोट डाला
पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने दावा किया कि इस बार हमें 50 से अधिक सीटें मिलेंगी। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चाैटाला ने सिरसा में बाल भवन स्थित बूथ पर मतदान किया। पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला ने परिवार के साथ मतदान किया।
भाजपा नेता बबिता फौगाट ने चरखी दादरी में वोट डाला। उन्होंने कहा कि राज्य के कल्याण और विकास के लिए मैं सभी से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करूंगी। इस देश के नागरिक के रूप में यह आपकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
विनेश फौगाट ने चरखी दादरी में मतदान किया
जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फौगाट ने चरखी दादरी में मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा के लिए एक बहुत बड़ा त्योहार है और राज्य के लोगों के लिए बहुत बड़ा दिन है। हिसार निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि यह हिसार के लोगों का चुनाव है, सभी को वोट देना चाहिए। मैं हिसार को सुंदर और विकसित बनाने की कोशिश करूंगी।
तीसरी बार सरकार बनाएगी भाजपा: श्रुति चौधरी
प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने परिवार सहित झज्जर में वोट डाला। उन्होंने लोगों से मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की और कहा कि झज्जर के विकास को लेकर मतदान करें। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा से भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।
भिवानी विधानसभा क्षेत्र में तोशाम से भाजपा की प्रत्याशी श्रुति चौधरी अपनी मां राज्य सभा सांसद किरण चौधरी के साथ मतदान बूथ पर वोट डालने के बाद मीडिया से रूबरू हुई। किरण ने कहा कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है।